सात साल बाद भी सड़क न बनने से गुस्साए लोगों ने लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन किया। एक सप्ताह के भीतर सड़क का काम शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उप प्रधान प्रदीप राम के नेतृत्व में लोगों ने खंडार नामक स्थान पर प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि वर्ष 2008 में स्पेशल कंपोनेंट प्लान से संगौड़ से बन्तोली तक 5 किमी स्वीकृत की गई। सात साल में खंडार तक ढाई किमी ही सड़क बनी है। बताया कि खंडार के लोगों की आपत्ति के कारण आगे सड़क नहीं कट पा रही है, सड़क निर्माण का काम ठप पड़ा हुआ है। लोनिवि बेड़ीनाग के अधिकारी सड़क की बाधा हटाने में कतई रुचि नहीं ले रहे हैं। विरोध कर रहे लोगों से बात तक नहीं की जा रही है।
पुंगराऊं घाटी एकता मंच के अध्यक्ष दिनेश आर्या ने जिलाधिकारी और लोनिवि के एसई को ज्ञापन भेजकर एक सप्ताह के भीतर सड़क का काम शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में चंपा देवी, गणेश राम, ठाकुर राम, मोहन राम, हयात राम, पुष्पा देवी, इंदिरा देवी, ममता देवी आदि शामिल थे।