पिथौरागढ़। कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में आयोजित वार्ता में फोरमैन के नहीं पहुंचने से रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के कर्मचारी भड़क गए। कर्मचारियों ने वार्ता का बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि शीघ्र यदि उनके साथ वार्ता नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में सहायक महाप्रबंधक की ओर से बृहस्पतिवार को वार्ता का समय तय किया गया था। फोरमैन के वार्ता में नहीं पहुंचने पर कर्मचारी नाराज हो गए। कर्मचारियों ने फोरमैन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए वार्ता का बहिष्कार कर दिया। शाखा मंत्री पवन कुमार ने बताया कि तीन मई को भी वार्ता के लिए समय देने के बाद भी फोरमैन नहीं पहुंचे। दूसरी वार्ता में भी उपस्थित नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस उपेक्षा के खिलाफ अब आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस अवसर पर मोहन भंडारी, संदीप महर, पवन कुमार, राजेंद्र सिंह, नवीन आगरी, विक्रम प्रसाद, सुरेश पांडेय, प्रेमा आर्या आदि मौजूद रहे। इधर फोरमैन रमेश सिंह रावत का कहना है कि बृहस्पतिवार को रुद्रपुर से पिथौरागढ़ आते समय देरी हो गई थी। गाड़ी के खराब होने और जाम में फंसे होने की सूचना यूनियन को दे दी गई थी।