डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ी डीडीहाट-दिल्ली बस सेवा फिर शुरू हो गई है। शनिवार को पिथौरागढ़ डिपो की बस यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। बस को नगर पालिका अध्यक्ष कमला चुफाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राज्य गठन से पहले डीडीहाट से जिला मुख्यालय सहित विभिन्न शहरों के लिए बसों का संचालन होता था। राज्य बनने के बाद जीपों की संख्या बढ़ने से बसों का संचालन लगभग ठप हो गया था। पांच साल पूर्व तक लोहाघाट डिपो की एकमात्र बस दिल्ली के लिए संचालित हो रही थी।
इस बस को भी डिपो ने बंद कर दिया था। इसके चलते दिल्ली, हल्द्वानी जाने वाले क्षेत्र के लोगों को कई वाहन बदलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। क्षेत्रीय विधायक विशन सिंह चुफाल के प्रयासों से डीडीहाट से दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। यह बस पिथौरागढ़-पनार-हल्द्वानी होते हुए दिल्ली जाएगी। बस सेवा के उद्घाटन अवसर पर एआरएम राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, राजेंद्र पांडेय, सभासद दीपक कन्याल, दीपक साही, ओपी वर्मा, बलवंत बोरा, करन टोलिया, भूपेश टम्टा, गिरीश चुफाल, राजेंद्र चुफाल, लोकेश भड़ आदि मौजूद थे।