पिथौरागढ़। जिला योजना समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदना ने समिति के सभी सदस्यों से प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को 12 मई तक निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि समिति के सदस्यों ने जो भी प्रस्ताव विभागों को उपलब्ध कराए हैं, उन प्रस्तावों को इस वर्ष की योजना में अवश्य शामिल किया जाए। बैठक में तय हुआ कि जिला योजना के जो भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए प्राथमिकता से प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को चयनित करने और उन्हें राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग लायक बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के मुख्य विकास अधिकारी के प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति दी। सीडीओ ने नगर के कपलेश्वर को विकसित करने के लिए ट्रेकिंग रूट का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश लोनिवि के अधिकारियों को दिए।
सीडीओ ने कहा कि 12 मई तक हरहाल में जिला योजना के प्रस्ताव तैयार हो जाने चाहिए। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी गणेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2018-19 के लिए जिला योजना का परिव्यय 39.48 करोड़ रखा गया है। गत वर्ष का परिव्यय 50.40 करोड़ रुपये था। बैठक जिला योजना समिति के सदस्य और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।