अस्कोट (पिथौरागढ़)। स्वीकृत सड़कों का निर्माण कराने की मांग को लेकर लोनिवि कार्यालय पहुंचे कनालीछीना क्षेत्र के लोगों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने ख्वांकोट-शक्तिपुर बगन्ना स्वीकृत मार्ग के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र ईई को सौंपा।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष किशन भंडारी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने कहा कि गोवर्सा-आणागांव, छड़नदेव-काणाधार सड़क का निर्माण स्वीकृति के बाद भी नहीं हो रहा है। अधिशासी अभियंता स्माइल अहमद शेख ने बताया कि दोनों सड़कों के वन भूमि के प्रस्ताव ऑनलाइन गए हैं, जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है। ग्रामीणों ने वर्ष 2016-17 में जिला प्लान से स्वीकृत ख्वांकोट-शक्तिपुर बगन्ना सड़क का निर्माण करने की मांग की।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र ईई को सौंपा। जमीन के विवाद के कारण सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। अधिशासी अभियंता ने कहा फरवरी में शक्तिपुर बगन्ना सड़क के टेंडर लगाए जाएंगे। इस दौरान आणागांव के प्रधान दीवान सिंह, अमकोट के प्रधान भूपेंद्र राम, कमलेश पोखरिया, जितेंद्र पोखरिया, तेज विश्वकर्मा, दान गिरी, हरीश सिंह, देव सिंह, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद थे।