पिथौरागढ़। घायल, बीमार बेसहारा पशुओं के इलाज, आवास की व्यवस्था न होने समेत कई मुद्दों को लेकर कई संगठनों के लोगों ने गांधी चौक पर धरना दिया। उन्होंने बेसहारा पशुओं के इलाज और आवास की व्यवस्था करने की मांग की।
इन लोगों का कहना था कि बेसहारा पशुओं के इलाज के साथ ही आवास की व्यवस्था सरकार नहीं करा पा रही है। इसके अलावा वक्ताओं ने केएमओयू स्टेशन, टकाना तिराहा, टैक्सी स्टैंडों में कूड़ेदान लगाने की मांग की। कहा कि कूड़ादान न होने से सड़क पर गंदगी फैल रही है और लोग रोगों की चपेट में आ रहे हैं।
कहा गया कि समाज कल्याण विभाग के कार्यालय के साथ ही तहसील, एलआईसी कार्यालय, बिजली दफ्तर में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। यह सुविधा लोगों को मिलनी चाहिए। धरने पर जिला बार संघ के अध्यक्ष मोहन चंद्र भट्ट, मानवाधिकार संगठन के सदस्य किशन चंद, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष आशीष सौन, छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र रावत, गोरखाली सुधार सभा के सचिव दानी चंद समेत रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारी बैठे।