पिथौरागढ़। जिला अस्पताल से राममूर्ति अस्पताल बरेली को रेफर की गईं हृदय रोगी महिला को ले जा रही एंबुलेंस के ड्राइवर के साथ चंपावत पुलिस द्वारा की गई अभद्रता और मारपीट से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता भड़के गए। उन्होंने चंपावत पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम सी रविशंकर को ज्ञापन देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर शीघ्र कार्रवाई कर निलंबन की मांग की।
यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में डीएम को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि 13 दिसंबर को जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ से टकाना निवासी रतना देवी जो कि हृदय रोग से ग्रसित हैं, को राममूर्ति अस्पताल बरेली रेफर किया गया था। आरोप लगाया कि रतना देवी को बरेली ले जा रही एंबुलेंस के ड्राइवर के साथ चंपावत पुलिस ने अभद्रता और मारपीट की। एंबुलेंस को चंपावत पुलिस ने आधे घंटे रोके रखा।
बताया कि रतना देवी के साथ गई अन्य महिलाओं ने पुलिस कर्मियों के हाथ-पैर जोड़कर जाने देने का निवेदन किया, जिसके बाद ही पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस को जाने दिया। यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष महर ने कहा कि पुलिस कर्मियों द्वारा की गई अभद्रता, मारपीट और एंबुलेंस को आधे घंटे तक रोके रखना दुखद है। यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव करन सिंह ने कहा कि अगर दोषी पुलिस कर्मियों को शीघ्र निलंबित नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में बॉब कन्याल, जैक धामी, करन खाती, ऋषभ कल्पासी, कमलेश कसन्याल, जित्तू भंडारी, शुभम बिष्ट, पारस सिंह आदि शामिल थे। डीएम सी रविशंकर ने इस मामले में चंपावत पुलिस से जानकारी हासिल करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।