पिथौरागढ़। प्रदेश सरकार ने पिथौरागढ़ में अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता नवंबर में करा पाने में असमर्थता जता दी है और इसे मार्च 2018 में कराने पर सहमति दे दी है। आयोजकों ने शासन के सामने नवंबर में प्रतियोगिता कराने का प्रस्ताव रखा था। इससे पहले मार्च 2016 में भी यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता हो चुकी है।
उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों और शासन के अधिकारियों के बीच बुधवार को देहरादून में हुई बैठक में तय किया गया कि मार्च में प्रतियोगिता कराने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आएगी। नवंबर में प्रतियोगिता कराने में इस कारण असमर्थता जताई गई कि तब तक विदेशी प्रतिभागियों का शामिल हो पाना संभव नहीं होगा।
देहरादून में पर्यटन सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम एवं संयुक्त निदेशक पर्यटन पूनम चौधरी की मौजूदगी में हुई बैठक की जानकारी देते हुए उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सचिव शंकर सिंह और पैराग्लाइडिंग पायलट अशोक भंडारी ने बताया कि मार्च में हवा का रुख अनुकूल रहता है और पहाड़ पर मौसम भी सुहावना होता है। उस समय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता कराने में आसानी होगी। जनवरी 2018 से प्रतियोगिता की तैयारी तेज होने लगेगी और अधिक से अधिक विदेशी पायलटों को प्रतियोगिता में बुलाया जाएगा।