पिथौरागढ़। धारचूला तहसील में समुद्र सतह से 2734 मीटर की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल नारायणआश्रम में कुमाऊं मंडल विकास निगम का पर्यटक आवासगृह खुल गया है। नारायणआश्रम में बेहतरीन आवासीय सुविधा उपलब्ध होने के बाद शुक्रवार को पिथौरागढ़ से पर्यटकों का पहला जत्था रवाना हो गया। पिथौरागढ़ से 151 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नारायणआश्रम तक जाने और आने में चार दिन का समय लगेगा। नारायणआश्रम में खुले पर्यटक आवासगृह में 30 लोगों के रहने की सुविधा उपलब्ध है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि शुक्रवार को यहां से 14 सदस्यों का पहला दल रवाना हो गया। इस दल में व्यवसायी रमेश पुनेड़ा, गोविंद सिंह सौन, खीमानंद भट्ट, कृष्णानंद भट्ट, धर्मानंद पंत, वासुदेव भट्ट, मनीष देवलाल, जगदीश कसनियाल, कलावती देवी, विमला सौन, विद्या पुनेड़ा, विद्या पंत, भागीरथी चौबे और अशोक शामिल हैं।
इस दल को गुरुरानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और जाने से पहले सभी को हिमालय बचाओ और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि नारायणआश्रम जाने वालों की बुकिंग पिथौरागढ़ पर्यटक आवासगृह से की जा रही है। नारायणआश्रम में पर्यटक आवासगृह का निर्माण केएमवीएन के प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल और जिलाधिकारी सी रविशंकर की पहल पर किया गया।