पिथौरागढ़। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती को शरदोत्सव में धन के अनियमित व्यय के मामले में शासन से वसूली का नाेटिस जारी हुआ है। शहरी विकास के अपर सचिव नवनीत पांडे की ओर से जारी नोटिस में उन्हें 35 लाख रुपये 10 दिन के भीतर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर सचिव की ओर से पूर्व पालिकाध्यक्ष को जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि पिथौरागढ़ में आयोजित शरदोत्सव और विकास प्रदर्शनी में विश्राम गृह, टूरिस्ट लॉज, दुकानों के निर्माण के लिए प्रीमियम के रूप में एकत्रित 86 लाख की धनराशि में से 35 लाख रुपये एकल हस्ताक्षर से मेला आयोजन में अनियमित व्यय किए गए। जिलाधिकारी की जांच आख्या में भी अनियमित व्यय किया जाना पाया गया है। अपर सचिव की ओर से जारी नोटिस में उन्हें यह धनराशि 10 दिन के भीतर राजकोष में जमा करने को कहा गया है।
इस मामले में पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती का कहना है कि निकाय बोर्ड की बैठक में शरदोत्सव और विकास प्रदर्शनी के लिए 35 लाख की धनराशि बोर्ड फंड से मेला फंड में हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया था। पूर्व पालिकाध्यक्ष का कहना है कि जिला सहकारी बैंक की सायंकालीन शाखा में खोले गए खाते से धनराशि निकालने के लिए एकल हस्ताक्षर की व्यवस्था वर्ष 1997 से चली आ रही है। इस व्यवस्था पर 1997 से लेकर आज तक किसी तरह की आपत्ति नहीं उठाई गई।
वर्ष 2013 में भी शरदोत्सव के आयोजन को लेकर तत्कालीन जिलाधिकारी की अध्यक्षता और 31 अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यवृत्त बना था। शरदोत्सव के लिए मेला फंड से जो धनराशि निकाली गई इस धनराशि से मेले संबंधी भुगतान किए गए। धनराशि का कहीं भी दुरुपयोग नहीं किया गया है। उनका कहना है कि निकाय चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में उनकी साफ राजनीतिक छवि को खराब करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व पालिकाध्यक्ष का कहना है कि वह षडयंत्रकारियों के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे।