पिथौरागढ़। गांव की सरकार चुनने के लिए पिथौरागढ़ जिले में मतदाताओं की सूची तैयार हो गई है। ग्राम पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। जिले के आठ विकासखंडों के 681 ग्राम पंचायतों में इस बार 3,42,065 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें पुरुष मतदाता 1,73,865 हैं जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1,68,200 है। पंचस्थानी विभाग के मुताबिक यह संख्या चुनाव तक और बढ़ सकती है।
अभी चुनाव की तिथि घोषित नहीं हुई है लेकिन जुलाई में पंचायत चुनाव होने की सुगबुगाहट से ग्राम सभाओं में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने वालों ने दावेदारी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर दावेदारों की सक्रियता नजर आने लगी है।
गांव की सरकार चलाने की जिम्मेदारी महिलाओं पर
जिले के आठ विकासखंडों में 681 ग्राम पंचायतें हैं। इन ग्राम पंचायतों में सरकार चलाने वाले ग्राम प्रधानों के 50 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इससे चुनाव की तैयारी कर रहे पुरुषों को अब पीछे हटना होगा और गांव की सरकार चलाने की जिम्मेदारी महिलाओं पर होगी। संवाद
ब्लाॅक की संख्या ग्राम पंचायत की संख्या कुल मतदाताओं की संख्या
विण 85 46,877
मूनाकोट 76 39,233
कनालीछीना 92 38,179
डीडीहाट 71 30,381
धारचूला 62 51,325
मुनस्यारी 94 38,496
बेड़ीनाग 84 38,873
गंगोलीहाट 117 58,701