पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव को देखते हुए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की फ्लाइंग स्क्वायड टीम को एक कैंटर के डैश बोर्ड से पांच लाख की नकदी बरामद हुई। कैंटर चालक की ओर से नकद धनराशि से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखाने पर आदर्श आचार संहिता के तहत नकदी जब्त कर ली गई।
मंगलवार को जाजरदेवल थाना के समीप पुलिस ने धारचूला से पिथौरागढ़ को आ रहे कैंटर संख्या (यूके 04सीबी 3011) को चेक किया। वाहन के डैश बोर्ड से पांच लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। चंपावत के खरई भिंगराड़ा निवासी वाहन चालक लाल नाथ ने पुलिस को यह नगदी पलेटा के एक दुकानदार की ओर से देने की बात बताई। उसने कहा कि दुकानदार ने इस धनराशि को हल्द्वानी में एक व्यक्ति को देने को कहा है।
चालक नगदी के संबंध में निकासी, बैंक की पासबुक, पैन कार्ड, व्यापार लेनदेन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस पर पुलिस ने जब्त नकदी को फ्लाइंग स्क्वायड मजिस्ट्रेट दिनेश जोशी के सुपुर्द कर दिया। वाहन का चालान किया गया और हिरासत में लिए गए चालक को निजी मुचलके पर छोड़ा गया। टीम में थानाध्यक्ष पीआर आगरी, एसआई आरती, कांस्टेबल हेम चंद्र सिंह, किशन आर्या, प्रदीप कुमार, प्रतीक पचौली, जय किशन शामिल रहे।
कार से 3.77 लाख की नकदी बरामद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक कार से 3.77 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने नकदी जब्त कर ली है।
लोक सभा चुनावों को देखते हुए पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही है। मंगलवार को शेराघाट बैरियर के पास एक कार की तलाशी के दौरान तीन लाख 77 हजार 190 रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार युवक सचिन पिथौरागढ़ निवासी व्यापारी है। बरामद कैश के संबंध में पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।