अस्कोट/गंगोलीहाट/पिथौरागढ़। मूसलाधार बारिश से अस्कोट में एक दोमंजिला मकान ध्वस्त हो गया। घर में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गोठ में बंधी चार गायें घायल हो गई। उधर, गंगोलीहाट के प्राथमिक विद्यालय कमद का भवन ध्वस्त हो गया है। स्कूल भवन के ध्वस्त होने से पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में दो मकानों को भी क्षति पहुंची है।
सोमवार सुबह 11.30 बजे अस्कोट के देवल गांव में अंबा दत्त पंत का पुराना दोमंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मकान के गोठ में बंधी तीन गाय दबकर घायल हो गई, जबकि दूसरी मंजिल पर रखे टीवी, फ्रिज, बिस्तर सहित बर्तन क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर अस्कोट थाने से पुलिस एसओ मोहम्मद आशिफ खान, एसआई संजय सिंह, संजीत राणा, राजेंद्र गोस्वामी, व्यापार मंडल अध्यक्ष टीकेंद्र पाल, प्रधान देवल त्रिलोक राम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से मलबे में दबी गायों को निकाला।
घटना के समय मकान के अंदर किसी सदस्य के नहीं होने से जनहानि नहीं हुई। मकान ध्वस्त होने से लगभग एक लाख रुपये के सामान की क्षति का अनुमान है। उधर गंगोलीहाट के कमद प्राथमिक विद्यालय के बरामदे के पीलर और छत धराशायी हो गई। विद्यालय भवन के ध्वस्त होने से बच्चों के बैठने का कोई इंतजाम नहीं है। सोमवार को अवकाश होने के कारण विद्यालय बंद रहा। मंगलवार से पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
खंड शिक्षा अधिकारी किशोर पंत ने विद्यालय भवन के सुधार तक आंगनबाड़ी केंद्र में कक्षाएं संचालित करने की बात कही है। इसके अलावा बारिश से तहसील क्षेत्र के भुल्यूड़ा निवासी मदन राम और ढनेलालग्गा रोल गांव के जोगा राम का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों की सूचना पर राजस्व विभाग ने मौका मुआयना कर क्षति का आंकलन किया।