पिथौरागढ़। जिले में खराब मौसम का स्कूलों के पठन-पाठन पर असर पड़ा। अधिकतर अभिभावकों ने नौनिहालों को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर नहीं भेजा। स्कूलों में 50 फीसदी भी उपस्थिति नहीं रही। मौसम और न्यून उपस्थिति को देखते हुए आधे निजी और सरकारी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई, जबकि आधे स्कूल खुले रहे।
मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के मुताबिक मंगलवार को दिनभर मौसम खराब रहा। उच्च हिमालयी क्षेत्रों से लेकर निचले और घाटी वाले इलाकों में दिनभर आंधी-तूफान का प्रकोप रहा। पिथौरागढ़ से लेकर मुनस्यारी, धारचूला, जौलजीबी, बलवाकोट, कालिका, मदकोट, बरम, बंगापानी, कनालीछीना, थल, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, गणाईगंगोली आदि इलाकों मेें सुबह से ही तेज हवाओं और अंधड़ के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही। उच्च हिमालयी क्षेत्र की पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नागिनीधूरा, छिपलाकेदार में बर्फबारी हुई। इससे तापमान में खासी कमी आई।