थल (पिथौरागढ़)। अगले साल फिर मिलने के वायदे के साथ थल के मेले का समापन हो गया है। समापन की रात कला दर्पण मंच पिथौरागढ़ के साथ ही लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक धूम मचाई। स्कूली दलों ने भी मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कला दर्पण मंच ने धनियां का बीज, बीज धनियां पारी गों की सुनीता, हिरका चेली नरुली हिरका बांधू की बांध, हरिया रुमाल पिंगली मिठा छ गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। संस्कार सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने ओ नंदा सुनंदा तू दैण हो जाए, दैण है जाए माता नरैणी, मेरी लाज धरिये माता भवानी, पीजा हो ठंडो पाणी ओ हेमा तीस लागली की प्रस्तुति दी। लोक गायक पप्पू कार्की, चंद्र प्रकाश, प्रियंका राजन, कमलेश कुमार, सुरेश प्रसाद सुरीला, मनोहर आर्या, कैलाश कुमार, नवराज भैंसोड़ा ने गीतों की झड़ी लगा दी।
ऐलीमैंट्री पब्लिक स्कूल, एकलब्य एकेडमी के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। श्री रामलीला समिति के आग्रह पर डॉ. नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में लगे रक्तदान शिविर में 26 लोगों ने रक्तदान किया। आयोजन समिति ने मेले के दौरान राफ्टिंग का प्रशिक्षण चलाने के लिए केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि राम सिंह जंगपांगी ने आयोजन के लिए 25000 रुपये प्रदान किए। मुख्य अतिथि को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। श्री रामलीला समिति सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष देवराज सत्याल, व्यवस्थापक दिनेश चंद्र पाठक ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। सचिव अर्जुन सिंह, कोषाध्यक्ष प्रवीण जंगपांगी, दान सिंह बिष्ट, गंगा सिंह मेहता, महिपाल सत्याल, सुरेंद्र पांगती, डीके भट्ट, मनोहर सत्याल, केएन जोशी, हरीश चुफाल, हरीश कोरंगा, रिजवान अली मौजूद थे। संचालन केजी पंत, नीरज पांगती ने किया।
मेहंदी, सुलेख प्रतियोगिता हुई
थल। मेहंदी प्रतियोगिता में हिमानी सत्याल, यशस्वी भैंसोड़ा, आस्था तीसरे स्थान पर रही। सुलेख में कनिका देउपा पहले, यशस्वी भैंसोड़ा दूसरे, स्नेहा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सामान्य ज्ञान जूनियर में रिद्धिमा भैंसोड़ा पहले, तुषार जोशी दूसरे, अक्षित तीसरे स्थान पर रहे। सामान्य ज्ञान सीनियर में प्रियांशु जोशी पहले, संतोष कुमार दूसरे, गौरव देउपा तीसरे स्थान पर रहे। प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में यदुवीर सिंह सिद्धू ने पहला, योगिता ने दूसरा, दीया ने तीसरा स्थान हासिल किया। जूनियर में पारस कार्की, देवेश्वरी सिद्धू, दिव्या पहले तीन स्थानों पर रहे। निर्णायक कविता भट्ट, माया टोलिया, लता डसीला, एमसी जोशी, मनोहर कुरियाल, शशिकला सत्याल थे।
महाराष्ट्र के शरीफ ने दिखाए हैरतंगेज करतब
थल। महाराष्ट्र के शरीफ सैय्यद ने बालों में रस्सी बांधकर कैंटर को 50 मीटर दूर तक खींचा। उन्होंने सिर से नारियल फोड़कर दिखाया। आंख की पुतली के सहारे चार कुर्सयां उठाई। कोहनी से पत्थर तोड़े। सैय्यद के कारनामे देख लोग दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए। लोगों ने शरीफ पर इनामों की बौछार कर दी।