पिथौरागढ़। सोमवार को जिला मुख्यालय में लगे जनता दरबार में समस्याओं को लेकर 92 आवेदन प्राप्त हुए। अपर जिलाधिकारी मुहम्मद नासिर ने अधिकारियों को समस्याओं त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जोशी मुनस्यारी के ग्राम प्रधान बसंत राम ने अपने प्रार्थना पत्र में ग्राम विकास अधिकारी पर फर्जी हस्ताक्षरों और मुहर का प्रयोग करने का आरोप लगाया। कहा कि आवास के लिए चयनित पांच पात्रों को फर्जी प्रस्ताव के जरिए अपात्र घोषित करा दिया है। अपर जिलाधिकारी ने इस मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। सिलिंग (बंगापानी) निवासी मनोज कुमार ने वर्ष 2010 में देहरादून पुलिस द्वारा उन्हें फर्जी मामले में फंसाए जाने का मामला उठाया। कहा कि वह निर्दोष साबित हो गए थे लेकिन झूठे मुकदमे के कारण उनके छह साल बर्बाद हुए हैं।
इसकी भरपाई के लिए उसे नौकरी और मुआवजा दिलाया जाए। सीनियर सिटीजन वेलफेयर वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह बिष्ट ने सीवरयुक्त पानी का मामला उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हिमालयन विकलांग जन कल्याण संस्था ने रसोई गैस की होम डिलीवरी, टैक्सियों में मनमाने किराए पर रोक लगाने समेत तमाम मुद्दे उठाए। तोली निवासी दीवान सिंह मेहता ने ऐंचोली-स्यूनी-तोली सड़क का मुआवजा देने की मांग उठाई।