बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार करने के साथ ही यहां के प्राकृतिक सौंदर्य के बारे में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का उपयोग करने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से संचालित बाइकरों के दल का सोमवार को चौकोड़ी में स्वागत किया गया। दल में सात सदस्य हैं। चौकोड़ी पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक रमेश जोशी ने कहा कि सरकार की योजना है कि जिले के पर्यटन स्थलों के बारे में देश और विदेश के लोगों को जानकारी हो। बाइकरों का दल दोपहर बाद थल होते हुए मुनस्यारी के लिए रवाना हो गया। दल में तिलक सोनी, संदीप गोस्वामी, अतुल मोदी, राहुल आनंद, सुदीप चक्रवर्ती, दीपक गुप्ता और अंशुल उनियाल शामिल हैं। दल के सदस्यों ने बताया कि अब तक के अभियान में उनको जनता का सहयोग मिला। इस मौके पर दीप पंत आदि मौजूद थे।