पिथौरागढ़। 14वीं वाहिनी आईटीबीपी मुख्यालय जाजरदेवल में हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (हावा) का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सिने अभिनेता संजय मिश्रा ने भी शिरकत की।
मुख्य अतिथि सिने अभिनेता ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कहा कि आईटीबीपी ने बहादुरी एवं कर्तव्यनिष्ठा से अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वह आज अपने आप को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिला। हिमवीर (आईटीबीपी जवान-अधिकारी) परिवारों के बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
हिमवीर परिवार की महिलाओं के बीच मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मिश्रा ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित़ किया। द्वितीय कमान अधिकारी सुनील कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। हावा की अध्यक्ष एस शालिनी ने मुख्य अतिथि का आभार जताया। कार्यक्रम में आईटीबीपी के अधिकारी, जवान, हावा के पदाधिकारी मौजूद थे।