पिथौरागढ़। जिले के जिन दूरदराज इलाकों में संचार की सुविधा नहीं है, वहां पर लोगों को बैंकिंग सुविधा का लाभ देने के वीसेट स्थापित किए जाएं। शुक्रवार को जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में डीएम सी रविशंकर ने यह निर्देश जारी किए। उन्होंने ग्रामीण स्तर तक बैंकिंग सुविधा का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
बैठक में कहा गया कि सभी बैंक खातों को आधार और मोबाइल से लिंक किया जाए। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक से कहा गया कि वह पंचायत स्तर पर तैनात अपने कर्मचारियों के माध्यम से लोगों को बैंक की योजनाओं की जानकारी दें। बैठक में लोन की योजना को प्रोत्साहित करने का फैसला लिया गया। ऋण-जमा अनुपात को बढ़ाने के लिए विशेष काम करने की जरूरत बताई गई।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्टार्टअप योजना आदि की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कहा गया कि इन योजनाओं का आम लोगों को फायदा दिलाने के लिए बैंक भी अपने स्तर से प्रयास करें। बैठक में सीडीओ वंदना, बैंक प्रबंधक प्रवीण गर्ब्याल समेत कई लोग उपस्थित थे।