पिथौरागढ़। ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म की शूटिंग दो दिन बाद फिर से पिथौरागढ़ नगर में शुरू हो गई है। दिवाकर बनर्जी की देखरेख में हो रही शूटिंग शुक्रवार को सुबह 6 बजे से शुरू हुई। नगर के रोडवेज स्टेशन और नया बाजार में फिल्म की शूटिंग की गई। शूटिंग को देखने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी कारण पुलिस प्रशासन ने काफी संख्या में पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान तैनात कर दिए थे।
11 दिनों से नगर में चल रही फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ की शूटिंग नगर के रोडवेज स्टेशन और नया बाजार में हुई। फिल्म की कहानी के मुताबिक फिल्म के अभिनेता अर्जुन कपूर (संदीप) परिणीति चोपड़ा (पिंकी) को भगाकर काठगोदाम से पिथौरागढ़ रोडवेज की बस में सवार होकर आते हैं। यहां पर रोडवेज की बस से उतरने का शॉट लिया गया। रोडवेज की बस में सवार यात्रियों का रोल स्थानीय लोगों को दिया गया था। सुबह 6 बजे से यूनिट के लोग नगर में आ गए थे। 7 बजे फिल्म के अभिनेता, अभिनेत्री पहुंचे और 8.30 बजे तक रोडवेज बस स्टेशन में शूटिंग की गई।
उसके बाद नया बाजार स्थित प्रशांत पुनेठा की कपड़े की दुकान में सुबह 10 बजे फिर से फिल्म की शूटिंग शुरू हुई। 10.30 पर फिल्म के अभिनेता अर्जुन कपूर गुलाबी शर्ट, मैरून रंग की पेंट और ग्रे रंग की हाफ जैकेट पहने अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा के साथ इसी दुकान में खरीदारी करने जाते हैं।
वहीं, उपनिरीक्षक पवन जोशी के नेतृत्व में 2 हेड कांस्टेबल, 3 महिला कांस्टेबल, 11 कांस्टेबल औैर 1 प्लाटून पीएसी लगाई गई। फिल्म की शूटिंग को देखते हुए यूनिट के बाउंसरों द्वारा सुबह से ही नया बाजार में लोगों को घरों के अंदर और बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। ग्राहकों को भी बाजार में नहीं घुसने दिया गया। इस कारण यहां के व्यापारियों में रोष था। बाउंसरों की निगाहें प्रत्येक घर पर थी। लोग घरों में कैद होकर रह गए। फिल्म की शूटिंग जिस क्षेत्र में भी हो रही हैं उस क्षेत्र में वाहनों को रोकने और लोगों को नहीं जाने देने से अव्यवस्था बढ़ती जा रही है। फिल्म की शूटिंग शाम छह बजे की तक हुईं।