पिथौरागढ़। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर नौ नवंबर को देहरादून के ओएनजीसी प्रेक्षागृह और पवेलियन मैदान में हिलजात्रा नृत्य नाटिका का मंचन होगा। पिथौरागढ़ के कलाकारों की टीम मंगलवार को देहरादून के लिए रवाना होगी। नवोदय पर्वतीय कला केंद्र के कलाकार कई मंचों में हिलजात्रा का मंचन कर चुके हैं।
नवोदय के निर्देशक हेमराज बिष्ट ने बताया कि हिलजात्रा में मुखौटा पहनकर अभिनय होता है। जितने मंचों पर भी इसका प्रदर्शन हुआ है, हमेशा सराहना मिली है। हिलजात्रा पिथौरागढ़ का प्रसिद्ध लोकोत्सव है। आठूं पर्व के समापन पर इसे कई गांवों में मनाया जाता है। नवोदय पर्वतीय कला केंद्र ने इस लोक परंपरा को 1994 में रंगमंच के रूप में मान्यता प्रदान की। मंचों पर प्रदर्शन के समय हिलजात्रा की मूल भावना से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाती। उन्होंने बताया कि हिलजात्रा के मुख्य पात्र लखियाभूत का किरदार इस बार निर्मल सिंह भंडारी निभाएंगे। भूपाल सिंह सिरौला, मनोज रावत, मुकेश जोशी, भूपेंद्र घोटा, त्रिलोक पुनेठा, शंकर चंद, संतोष कुमार, कमल कुमार, प्रियंका, पूजा, ज्योति, हेमा, स्वाति, कोमल, बबीता आदि कलाकार भी इसमें अलग अलग पात्रों का अभिनय करेंगे। उन्होंने बताया कि हिलजात्रा मंचन के लिए कलाकारों ने बड़ी तैयारी की है। उम्मीद है कि इस बार भी प्रदर्शन बेहतरीन होगा।