जिला सभागार में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। विभिन्न सरकारी संस्थानों, स्कूलों, डिग्री कॉलेजों, उद्यानों, पार्कों और सड़कों के नाम आजादी के अमर शहीदों, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं में शहीद सैनिकों के नाम करने के लिए डीएम ने आनंद स्वरूप ने चयन समिति के साथ बैठक की। इस दौरान चारों विधायकों को समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया।
बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में डीएम आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) वीपी भट्ट ने बताया कि शासन के आदेश के अनुपालन में जिला सैनिक कल्याण एवं पुर्नवास कार्यालय ने सभी शहीदों के आश्रितों एवं परिवारजनों से शहीद सैनिकों के नाम पर सरकारी संस्थानों के नाम रखने के लिए सुझाव मांगे हैं। इसके तहत सभी तहसीलों से कुल 31 पात्रों के सुझाव प्राप्त हुए।
चारों विधानसभा की सूची तैयार कर संबंधित विधायकों को भेजकर सहमति मांगी है। विधानसभा क्षेत्र धारचूला से दो, डीडीहाट से 22, पिथौरागढ़ से पांच और गंगोलीहाट से दो प्रस्ताव प्राप्त हैं। डीएम ने कहा कि यह कार्य वीर शहीद सैनिकों का सम्मान है। इसके लिए समयबद्धता से संबंधित विभाग अपनी आख्या तत्काल जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पिथौरागढ़ को प्रस्तुत करें, ताकि समय पर संस्तुति शासन को भेजी जा सके। इस मौके पर सीडीओ अनुराधा पाल सहित कई अधिकारी मौजूद थे।