अमर उजाला ब्यूरो
पिथौरागढ़। कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पिथौरागढ़ में कोरोना के संदिग्ध मरीजों को क्वारंटीन में रखे जाने के लिए जिले में स्थित प्रेक्षागृह और कुमाऊं मंडल विकास निगम के नौ पर्यटक आवास गृहों को अधिग्रहित किया है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर पिथौरागढ़ के राजकीय संग्रहालय, मानस एकेडमी, एशियन एकेडमी को भी क्वारंटीन सेंटर बनाया जाएगा। टीआरसी में चार लोगों को क्वारंटीन में रखा है। जिले में 285 लोग होम क्वारंटीन हैं। केएमवीएन पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ के चार कक्ष, डीडीहाट के 16, चौकोड़ी के 22, पातालभुवनेश्वर के छह, गंगोलीहाट के आठ, धारचूला के 20, मुनस्यारी के 18, थल के चार और बिर्थी के नौ कक्षों का अधिग्रहण किया गया है। जिला मुख्यालय के नजदीक सल्मोड़ा में स्थित सुमेरु होटल का भी अधिग्रहण किया है। गंगोलीहाट में अस्पताल के पुराने भवन को भी क्वारंटीन के लिए तैयार कर दिया गया है। पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में 40 बेड आइसोशनल बनाए गए हैं। जिले में बाहर से आने वाले 14 हजार लोगों की अब तक स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जिले में बाहर से आने वाले 285 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। इनमें 24 विभिन्न देशों से यहां आने वाले स्थानीय लोग भी शामिल हैं।