पड़ोसी देश नेपाल के अछाम बानंगडी के जयगढ़ गांव पालिका में भीषण अग्निकांड हुआ। एक साथ 27 घर जलकर खाक हो गए। इस घटना में सात करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जिला प्रहरी कार्यालय अछाम के प्रहरी प्रवक्ता जय पार्की ने बताया कि जयगढ़ बाजार में बीते मंगलवार पुष्प राज शर्मा के आईएमई केंद्र में रखे रसोई गैस सिलिंडर से गैर रिसाव के चलते आग लग गई। कुछछही देर में हिमाल साउद की मोबाइल, राम बहादुर साउद, मंजू साउद की जड़ी-बूटी, रति साउद की बर्तन, गोकुल साउद की परचून, किस्मत, कालू की आभूषण, खगेंद्र साउद की परचून की दुकान के साथ ही आसपास के 27 घरों में आग फैल गई।
इस घटना में सभी दुकानें, घर और इनमें रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची नेपाली सेना, मंगलसेन नगरपालिका के दमकल कर्मियों, एपीएफ और नेपाल प्रहरी की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। बताया कि इस घटना में सात करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। बताया घटना में कोई जनहानि की सूचना नहीं है।