सीमान्त के व्यापारी लोक निर्माण सभागार में बेठक करते हुये
- फोटो : AMAR UJALA
धारचूला (पिथौरागढ़) । सीमांत के व्यापारियों ने पीडब्ल्यूडी सभागार में बैठक कर लॉकडाउन में मिली छूट के संबंध में चर्चा की। सभी व्यापारियों ने एकमत होकर दोपहर 2:30 बजे तक ही दुकानें खोलने का निर्णय लिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह थापा ने कहा कि लॉकडाउन में मिली छूट पर व्यापारियों से राय ली गई। सभी व्यापारियों ने क्षेत्र में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 2:30 बजे तक ही दुकानें खोलने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। वरिष्ठ व्यापारी कैलाश रावत, अशोक नबियाल और लक्ष्मण ने कहा कि शाम तक दुकानें खुलने से बाजार में बिना काम के ही घूमने वाले लोगों की भीड़ बढ़ने की संभावना है जिससे सोशल डिस्टेंसिंग तथा कोरोना संक्रमण को रोकने में दिक्कतें आएंगी। इसी के चलते यह निर्णय लिया गया है। व्यापारी अनिल कोहली और जीवन कुटियाल ने कहा कि मार्केट में खाद्यान्न सामग्री ला रहे वाहनों को ज्यादा समय मिलना चाहिए जिससे कि वह सामग्री उतार सकें उन्होंने व्यवसाय कर बिजली बिल में व्यापारियों को राहत देने की मांग भी की। व्यापारी नेत्र सिंह कुटियाल व खड़क सिंह दानू ने कहा कि थोक के बड़े व्यापारियों को छोटे व्यापारियों का ध्यान रखना चाहिए तथा सभी दुकानदारों को समान रूप से सामग्री वितरित करने की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
इस दौरान व्यापारी नवीन खर्कवाल प्रकाश गुंज्याल श्याम चंद्र खर्कवाल ओ पी वर्मा पंकज सूद, देवराज गर्ब्याल, भीम सिंह रावत, रणजीत रावत,पूरन लाल, जाकिर हुसैन, सरताज, राजू परमार, राजीव खर्कवाल, नवीन पंत पहलवान सहित कई लोग मौजूद थे।