पिथौरागढ़ में सेना भर्ती के दौरान दौड़ लगाते युवा
- फोटो : अमर उजाला
सेना भर्ती में दूसरे दिन चंपावत जिले की चंपावत, बाराकोट और पूर्णागिरि तहसील के युवाओं ने दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा दी। 218 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की। इन अभ्यर्थियों का बुधवार को मेडिकल परीक्षण होगा। चंपावत, बाराकोट, पूर्णागिरि तहसील के 2021 युवाओं ने सेना भर्ती के लिए आवेदन किया था। इसमें से 1671 युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें से 297 युवा ही दौड़ में चयनित हो पाए।
जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में पिथौरागढ़ सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल संदीप मदान के निर्देशन में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। सुबह करीब आठ बजे से दौड़ शुरू हुई। जीडी और अन्य ट्रेडों के लिए कई ग्रुपों में युवाओं को दौड़ाया गया।
5 मिनट 20 सेकेंड में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी थी। मैदान में 400 मीटर का ट्रैक बनाया गया था। ट्रैक के चार चक्कर लगाने हैं। दौड़ के बाद युवाओं की चेस्ट, ऊंचाई की नाप ली गई। लंबी कूद, बीम लगाने के साथ ही कई प्रक्रियाओं से युवाओं को गुजरना पड़ा। एडीएम आरडी पालीवाल ने भी भर्ती प्रक्रिया का जायजा लिया।