पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के तोमिक ग्राम पंचायत के लोगों ने निर्माणाधीन सड़क वाहन संचालन लायक न बनाने पर रोष जाहिर करते हुए कहा है कि सड़क को ठीक नहीं किया गया तो ग्राम पंचायत के लोग लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्राम प्रधान तुलसी देवी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे लोगों ने सड़क की दुर्दशा को लेकर अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल को ज्ञापन सौंपा। कहा कि जापुली से तोमिक के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क का काम इतना घटिया हो रहा है कि उसमें वाहन तो दूर लोग पैदल भी नहीं चल सकते। लोनिवि अधिकारियों से कई बार सड़क की हालत सुधारने की मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सड़क को ठीक नहीं करने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
एडीएम ने इस संबंध में लोनिवि के अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही है। ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री, मुख्य विकास अधिकारी, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को भेजी गई है। वहां भगत सिंह, प्रेम सिंह तोमक्याल, पान सिंह तोमक्याल, राजू राम, शोबन राम शामिल थे।