पिथौरागढ़/मुनस्यारी। सीमांत जिले में रात को पड़ने वाले पाले से ठंड काफी बढ़ गई है। कई स्थानों पर पाला जम कर ठोस हो गया है। सड़कों के किनारे पड़ने वाले पाले से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। वहीं, आसमान में घने बादल छाए रहने से फिर से बारिश की संभावना बन रही है।
पिछले हफ्ते चोटियों पर हिमपात और निचली घाटियों में बारिश के बाद समूचा सीमांत क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया। शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली। सोमवार को फिर से मौसम ने करवट बदल ली। हालांकि सुबह के समय गुनगुनी धूप निकली, लेकिन थोड़ी ही देर बाद आसमान बादलों से पट गया। इस बीच हल्की चुभन भरी हवाएं भी चलती रहीं। जिले के डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, कनालीछीना, चंडाक, नाकोट, आठगांव सिलिंग आदि स्थानों पर रात को जमकर पाला गिर रहा है। इससे ठंड काफी बढ़ गई है।
उधर, मुनस्यारी में भी बादल छाए रहे। बलाती, कालामुनि, खलिया में अभी बर्फ जमी है। पाला पड़ने से सुबह के समय लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ रही है। सीमांत में ठंड को देखते हुए नगर पंचायत और पालिका की ओर से कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।