पिथौरागढ़। निकाय चुनाव की तिथि नजदीक आते ही अध्यक्ष एवं सभासद पद के उम्मीदवारों की पत्नियां और बच्चे भी चुनावी रण में कूद गए हैं। रविवार के दिन अधिकतर मतदाता छतों में धूप सेंक रहे थे। ऐसे में उम्मीदवारों की पत्नियां, बच्चे और परिजन भी नमस्कार कहते हुए उनके पास पहुंच गए और वोट की अपील की।
पिथौरागढ़ पालिका में कुल 33691 मतदाता है। इनमें से 17544 महिला और 16147 पुरुष मतदाता हैं। इनमें से मतदान के दिन कितने वोट डालने आते हैं, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन उम्मीदवारों की ओर से रणनीति बनाई जा रही है कि पहचान वाला मतदाता हर हाल में बूथ तक पहुंचकर उनके पक्ष में मतदान करें। रविवार का दिन खासा गहमागहमी का रहा। सुबह धूप निकलने के साथ ही अध्यक्ष पद के भाजपा, कांग्रेस समेत सभी छह निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रचार शुरू कर दिया। हालांकि, मतदाता अभी खामोश है।
इसे देखते हुए अब अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों को भी प्रचार में उतार दिया है। उम्मीदवारों की पत्नियां घर-घर जाकर महिलाओं और छात्रा मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मिल रही हैं। अपना दुख-दर्द उनके साथ साझा किया जा रहा है, जिससे कि वोट मिलने में आसानी हो। प्रचार के दौरान कहीं नामकरण या अन्य कोई भोज का कार्यक्रम हो तो समर्थक वहीं भोजन करके निकल रहे हैं।