पिथौरागढ़। लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे गर्खा के लोगों की प्यास चर्मा के पानी से बुझेगी। नाबार्ड ने 14.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ग्रेबिटी योजना को मंजूरी दे दी है। योजना को तकनीकी रूप से मंजूरी मिल गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही पेयजल योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
विकासखंड कनालीछीना के गर्खा क्षेत्र की पांच हजार की आबादी लंबे समय से पेयजल किल्लत झेल रही है। पेयजल निगम ने योजना के लिए डीपीआर तैयार की। पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता आरएस धर्मशक्तू ने बताया कि चर्मा गाड़ में सेना क्षेत्र के नीचे से योजना बनाई जाएगी। इससे पत्थरकोट, बस्तड़ी, सिंगाली, ओझा मल्ला, ओझा तल्ला, बाराकोट, भागीचौरा, डूंगरा, पसमा, चौसाल आदि गांवों की करीब पांच हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। चर्मा से दो चरणों में पानी को लिफ्ट किया जाएगा।
पहले चरण में पानी को चर्मा गाड़ से पत्थरकोट तक लिफ्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में पानी को सिंगाली के ऊपर धनलेख के टैंक में पहुंचाया जाएगा। चर्मा में पानी लिफ्ट करने के लिए दो पंप हाउस में छह पंप लगाए जाएंगे। क्षेत्र के गांवों तक 20 टैंकों के जरिये पानी पहुंचाया जाएगा। अप्रैल 2019 में योजना को वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद पेयजल योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा।
क्षेत्र की जनता को गर्मियों में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। अब चर्मा से पेयजल योजना स्वीकृत हो गई है। वित्त विभाग से धनराशि की स्वीकृति के बाद योजना में काम शुरू हो जाएगा। -विशन सिंह चुफाल, विधायक डीडीहाट।