धारचूला (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन में बिजली कट होने से इससे जुड़े व्यापारी भी खाली हाथ बैठे रहे। आए दिन हो रही बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
नगर और आसपास के क्षेत्र में सुबह 10 बजे बिजली गुल हो गई। इस समय क्षेत्र में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इससे ऊर्जा निगम के खिलाफ लोगों में काफी आक्रोश नजर आया। शाम को पौने पांच बजे बिजली आने के बाद लोगों को राहत मिली। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता अमित कटारिया ने बताया कि रुटीन शटडाउन लिया गया था। बताया कि रविवार को फिर से शटडाउन लिया जाएगा।