नाचनी (पिथौरागढ़)। भैंसखाल में रामगंगा नदी के चैनेलाइज कार्य में अनियमितता की शिकायत पर एसडीएम मुनस्यारी, खान अधिकारी और वन रेंजर ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के चैनेलाइज का कार्य 15 जून तक करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में लापरवाही नहीं करने की चेतावनी ठेकेदार को दी।
पिछले दिनों डीएम के जनता दरबार में ग्रामीणों ने नदी चैनेलाइज के कार्य में अनियमितता का मामला उठाया था। इस पर डीएम सी रविशंकर ने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दो जेसीबी से स्थल पर कार्य नहीं हो पा रहा है। इसके चलते दो पोकलैंड से कार्य करने की अनुमति डीएम से मांगी गई। साथ ही नदी में गिरे बड़े बोल्डर को तोड़ने के लिए कंप्रेशर मशीन लगाने को कहा गया।
आबादी के पास बनाए गए डंपिंग जोन में कटौती करते हुए 35 नाली जमीन दूसरी जगह आवंटित की गई। डंपिग जोन पर पड़े मलबे से उठने वाली धूल को रोकने के लिए उसे ढकने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर खान अधिकारी प्रदीप कुमार लगातार तीन दिन तक स्थल पर रहकर कार्य देखेंगे। एसडीएम केके नाथ ने राजस्व उपनिरीक्षक मनोज कुमार को कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन देने के निर्देश दिए।
तीन मकानों को गंभीर खतरा
भैंसखाल की प्रधान चंद्रकला दानू ने बताया कि नदी के चैनेलाइज का कार्य यदि समय पर पूरा नहीं किया गया तो सुरेंद्र सिंह पांगती, श्याम सुंदर पांगती और भूपेंद्र सिंह पांगती के मकानों के साथ ही सैकड़ों नाली कृषि भूमि को गंभीर खतरा हो सकता है। भारी बारिश होने पर नदी का रुख कभी भी पलट सकता है।