नाचनी (पिथौरागढ़)। शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर नौलड़ा में चल रहा आमरण अनशन खंड विकास अधिकारी के आश्वासन पर स्थगित हो गया है। खंड विकास अधिकारी ने मंगलवार से दोनों स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती करने का लिखित आश्वासन दिया है।
जूनियर सीड़ीचामा जूनियर हाइस्कूल और इंटर कॉलेज खतेड़ा में शिक्षकों की कमी को लेकर दीपक चुफाल, प्रधान मनोहर चुफाल और रमेश राम ने रविवार से नौलड़ा में आमरण अनशन शुरू कर दिया था। मंगलवार को अनशन स्थल पर पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी बीपी कुशवाह ने आंदोलनकारियों से वार्ता की। खंड शिक्षाधिकारी ने जूनियर हाईस्कूल सीड़ी चामा और राजकीय इंटर कॉलेज खतेड़ा में एक मई से शिक्षकों की तैनाती का लिखित आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद लोग अनशन समाप्त करने को राजी हो गए। लोगों का कहना था कि मंगलवार से दोनों स्कूलों में शिक्षक नहीं आए तो एक बार फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। खंड शिक्षाधिकारी ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। वार्ता में पशु चिकित्साधिकारी हिमांशु पांडे, राजस्व निरीक्षक डीडी भट्ट, पुलिस थाने के उप निरीक्षक मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।