पिथौरागढ़। निजी स्कूलों पर शिक्षा विभाग की छापेमारी जारी है। इसके साथ ही निजी स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ और अभिभावकों के आर्थिक शोषण के मामले सामने आ रहे हैं। विभाग की छापेमारी में पांच और स्कूलों में गड़बड़ियां पकड़ में आई हैं। विभाग ने इन स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिए हैं। वहीं, मानकों के उल्लंघन पर शिक्षा विभाग अब तक 12 निजी स्कूलों को नोटिस भेज चुका है।
बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. वीपी सिमल्टी के नेतृत्व में टीम ने नगर के अलग-अलग निजी स्कूलों में छापेमारी की। सबसे पहले जीआईसी रोड पर सिटी पब्लिक स्कूल और बियरशीबा स्कूल में छापेमारी की। इसके बाद दौला स्थित जेबी मेमोरियल मानस एकेडमी और द प्रेशस एकेडमी में छापे मारे। फिर पुलिस लाइन स्थित न्यू बियरशीबा स्कूल में छापेमारी की। इन स्कूलों के निरीक्षण के दौरान टीम को काफी खामियां मिली।
स्कूलों की फीस में विसंगति पाई गई। स्टाफ का रिकार्ड नहीं मिला। इन स्कूलों में विद्यार्थियों के पास प्रिंटेड कापियां मिली। स्कूलों में मानकों के अनुरूप अग्निशमन उपकरण और फर्स्ट एड किट तक नहीं मिले। इसके साथ ही अभिभावकों की शिकायत रही कि स्कूल प्रबंधन किताबें, कापी, ड्रेेस आदि खरीद में निर्धारित दुकान से खरीद का दबाव डालते हैं। सीईओ डॉ. सिमल्टी ने बताया कि प्रबंधकों से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है।