धारचूला (पिथौरागढ़)। यहां ग्वालगांव में घर के आंगन में झूला खेल रही एक बालिका के गले में दुपट्टा फंसने से मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। डीएम सी रविशंकर के आदेश पर बालिका के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को धारचूला में ही होगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्वालगांव निवासी वीरेंद्र राम की 11 वर्षीय बेटी अर्पिता शुक्रवार दोपहर में घर के आंगन में एक पेड़ पर रस्सी का झूला बनाकर खेल रही थी। झूला खेलते समय उसके गले में पड़ा दुपट्टा रस्सी से उलझ गया और बालिका की गर्दन उसमें फंस गई। बालिका उसी झूले में बेहोश हो गई।
कुछ देर में परिवार के लोगों ने झूले में बेहोश पड़ी बालिका को देखा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए, लेकिन उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी पीएस नेगी, उपनिरीक्षक नरेंद्र अधिकारी, रजत कसाना और सहायक उपनिरीक्षक पिंकी तोमर ने बताया कि यह आकस्मिक घटना थी। फिर भी इस मामले की जांच की जाएगी।