पिथौरागढ़। जिले के सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूलों के सहोदया कलस्टर की ओर से रविवार को उत्सवगृह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने धमाल मचाया।
बच्चों में रचनात्मक प्रवृत्ति को बढ़ाने एवं स्कूली बच्चों के बीच आत्मीयता लाने के लिए यह आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. जीत सिंह ज्याला ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का बच्चों और शिक्षकों दोनों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद दस स्कूलों के बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उसके बाद निखिलेश्वर चिल्ड्रन एकेडमी, सीटी पब्लिक स्कूल, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, ग्रीनवैली स्कूल, ज्ञानदीप स्कूल, एम स्क्वायर स्कूल, स्प्रिंगडेल स्कूल, पीएनएफ स्कूल, मां नैनावती स्कूल, हिमालया पब्लिक स्कूल के बच्चों ने एक-एक कर कार्यक्रम पेश किए।
सहोदया कलस्टर की अध्यक्ष ममता सिंह ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के संचालन में सहोदया की उपाध्यक्ष अनीता जोशी, सचिव त्रिलोचन जोशी ने सहयोग दिया। कार्यक्रम में सभी विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य उपस्थित थे।