इनर लाइन परमिट जारी होने के बाद खुशी मनाते यात्री। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश के लिए इनर लाइन परमिट जारी होने लगे हैं। बुधवार को प्रशासन ने 211 इनर लाइन परमिट जारी किए। परमिट मिलने के बाद पंचाचूली और नारायण आश्रम के दर्शन करने के लिए गए यात्री अपने-अपने टूर ऑपरेटरों के साथ छियालेख होते हुए गुंजी और नाबी पहुंच चुके हैं।
बता दें कि मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने इनर लाइन परमिट जारी नहीं किए थे। इस बीच 400 से अधिक यात्री आदि कैलाश जाने के लिए धारचूला पहुंच चुके थे। टूर ऑपरेटर इन यात्रियों को नारायण आश्रम और पंचाचूली शिखर के दर्शन के लिए ले गए थे। जैसे ही बुधवार सुबह से परमिट मिलने शुरू हुए, यात्री गुंजी और नाबी गांव के लिए रवाना हुए। केएमवीएन के भी चार यात्री यहां पहुंच चुके थे।
केएमवीएन धारचूला प्रबंधक धन सिंह बिष्ट ने बताया कि परमिट जारी होने के बाद उनकी टीम ने एलागाड़ में बंद सड़क के पास चारों यात्रियों को सकुशल दूसरी ओर भेजने के बाद बुंदी गेस्ट हाउस में पहुंचा दिया है। तहसीलदार दमन शेखर राणा और स्वान केंद्र के इंजीनियर हेम भट्ट दिन भर इनर लाइन परमिट बनाने के कार्य में जुटे रहे।
कोट
बुधवार को कुल 211 इनर लाइन परमिट जारी किए गए। अन्य आवेदन आने पर देर रात परमिट जारी किए जाएंगे। - दमन शेखर राणा, तहसीलदार धारचूला