पिथौरागढ़। जिले के आठों विकासखंडों में कक्षा एक से आठवीं तक के 20,673 विद्यार्थियों को जल्द नया बैग और जूते मिलेंगे। सभी प्राथमकि, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को जूते और बैग उपलब्ध कराने के लिए 80.29 लाख रुपये जारी हुए हैं। यह धनराशि संबंधित विद्यार्थियों के खाते में डाल दी गई है। राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के खातों में 33,60,306 रुपये और उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के खातों में 46,68,972 रुपये की धनराशि डाली गई है।
बेड़ीनाग विकासखंड के विद्यालयों को 9,21,768 रुपये, गंगोलीहाट के विद्यालयों को 17,37,180 रुपये और कनालीछीना के विद्यालयों को 6,26,010 रुपये जारी हुए हैं। इसी तरह डीडीहाट के विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 5,09,712 रुपये, धारचूला के विद्यार्थियों को 12,84,996 रुपये, मुनस्यारी के विद्यार्थियों को 9,22,746 रुपये, बिण के विद्यार्थियों को 12,31,752 रुपये और मूनाकोट के विद्यार्थियों को 7,95,114 रुपये की धनराशि जूते-बैग खरीदने के लिए दी गई है। आधा शिक्षा सत्र बीत चुका है और अब तक विद्यार्थी पुराने बैग और जूतों से काम चला रहे थे। अब उनके खातों में धन आने से वे नया बैग और जूते खरीद सकेंगे।
प्रति छात्र-छात्रा की दर से दी गई धनराशि
शिक्षा विभाग के मुताबिक, राजकीय व अशासकीय प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थी को बैग के लिए 165 व जूते के लिए 153 रुपये मिलेंगे। वहीं राजकीय, अशासकीय उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी को बैग के लिए 275 और जूते के लिए 187 रुपये दिए जाएंगे।
कोट
विद्यार्थियों के बैग और जूतों के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। सभी बच्चों के खातों में धनराशि डाल दी गई है। - तरुण कुमार पंत, जिला शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक, पिथौरागढ़