गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। गणाईगंगोली तहसील में आयोजित बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सहायक अभियंता विवेकानंद बगौली और बीएस बोरा ने लोगों को जिला विकास प्राधिकरण के बारे में जानकारी दी। बैठक के बाद लोगों ने ग्रामीण क्षेत्र में विकास प्राधिकरण लागू करने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। सरकार से निर्णय को वापस लेने की मांग की।
लोगों का कहना था कि अविकसित क्षेत्रों में विकास प्राधिकरण लागू करने का कोई औचित्य नहीं है। इससे ग्रामीणों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। गरीब लोगों को करों का सामना करना पड़ेगा। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास प्राधिकरण लागू करने का अदूरदर्शी फैसला तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। इन लोगों ने प्राधिकरण लागू करने का निर्णय वापस न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में चंदन वाणी, राजेंद्र उपाध्याय, गिरीश उपाध्याय, प्रकाश राम, कुंदन राम, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय, भरत बोरा, रमेश सिंह आदि शामिल थे।