डीडीहाट (पिथौरागढ़)। थल-डीडीहाट रामगंगा लिफ्टिंग पेयजल योजना से इस साल ग्रीष्मकाल में भी जनता को पानी मिलने की उम्मीद नहीं है। योजना को पूरा करने के लिए धनराशि मिलने के बावजूद जल निगम और लोनिवि के बीच पेंच फंसने से इसमें काफी विलंब हो सकता है।
नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों में भीषण पेयजल किल्लत को देखते हुए वर्ष 2011 में थल राम गंगा से लिफ्ट योजना को स्वीकृति मिली। करीब 23.88 करोड़ की लागत वाली पेयजल योजना के लिए पहले चरण में दस करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इसके बाद लंबे समय तक योजना के लिए धन नहीं मिला। इसके चलते पेयजल योजना अटक गई। अब शासन से पूरी धनराशि जल निगम मुख्यालय को मिल चुकी है। मुख्यालय से तीन करोड़ रुपया अभी जल निगम को दिया गया है। कई जगहों पर पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदा जाना है।
इसके लिए लोनिवि से जल निगम को अनापत्ति नहीं मिल पा रही है। यदि समय से सड़कों की खुदाई नहीं हुई और पाइप लाइन नहीं बिछाई गई तो टैंकों तक पानी नहीं पहुंच पाएगा। धनराशि मिलने के बाद निगम ने थल स्थित पंप हाउस में बिजली से संबंधित कार्य शुरू करा दिए हैं। अभी बाजार क्षेत्र में पाइप लाइन बिछनी है और लाइन को टैंकों से जोड़ा जाना है। यदि लोनिवि की ओर से शीघ्र अनापत्ति नहीं दी जाती है तो आने वाली गर्मियों में भी लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
कोट:
सड़क के नीचे पेयजल लाइन बिछाई जानी है। सड़क की खुदाई के लिए लोनिवि को धनराशि जमा कर दी है लेकिन अभी अनापत्ति नहीं मिल पाई है। लोनिवि से अनापत्ति मिलने के बाद ही पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। वीके पॉल, अधिशासी अभियंता, जल निगम डीडीहाट।