पिथौरागढ़। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जन्मदिन के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
डीएम सी रविशंकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि 10 सितंबर को पंत जयंती पर सुबह 9.30 बजे स्थानीय रामलीला मैदान से विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी प्रभातफेरी निकालेंगे। 10 बजे सभी सरकारी/अर्ध सरकारी कार्यालयों में पंडित पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। 10.30 बजे घंटाकरण में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी माल्यार्पण करेंगे। 11.30 बजे से स्थानीय नगरपालिका सभागार में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
पंत जयंती की पूर्व संध्या पर 9 सितंबर को विभिन्न विद्यालयों में भाषण, निबंध प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को 10 सितंबर को नगरपालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। डीएम ने कहा कि पंत जयंती के कार्यक्रम प्रत्येक तहसील और विकासखंड स्तर पर होंगे। इसके लिए दायित्व सौंप दिए गए हैं।
बैठक में पंत जयंती समारोह के जिला संयोजक महेंद्र लुंठी, सदस्य राजेंद्र भट्ट, जुगल किशोर पांडे, भगवान बल्लभ पंत, सुभाष जोशी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी मीनाक्षी जोशी, जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव पौरी, जिला शिक्षाधिकारी एके गुसाईं, जिला कार्यक्रम अधिकारी राधिका ह्यांकी मौजूद थे।