पिथौरागढ़। सेना क्षेत्र से लगे जिला मुख्यालय के 22 गांवों में गोचर, पनघट, रास्ते और रोजगार सहित विभिन्न मुद्दों पर भाजपा नेताओं और सेना के अधिकारियों की बातचीत में कई समस्याओं के सुलझने के आसार बने हैं।
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा की पहल पर सेना मुख्यालय की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वल्दिया को बातचीत के लिए बुलाया गया था। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेंद्र लुंठी, महामंत्री गिरीश जोशी, सैनिक मोर्चा के राम सिंह बिष्ट, ललित धानिक, ग्राम प्रधान विनोद देवलाल की उपस्थिति में सेना के अधिकारियों के साथ बातचीत हुई।
उन्होंने बताया कि ब्रिगेड कैंटीन से कुसौली गांव तक वर्तमान मार्ग को यथावत रखने और द्वार को पूर्ण रूप से खुला रखने, गुरुद्वारा से कुसौली तक पैदल मार्ग को फिर से खोलने, केंद्रीय विद्यालय प्रवेश द्वार से आदर्श कालौनी कुसौली तक मोटर मार्ग का निर्माण करने, गोचर को चिह्नित कर ग्रामीणों को देने, भूमि देने वाले ग्रामीणों को रोजगार देने, सेरा देवल मंदिर तक भड़कटिया एवं कासनी से स्थाई रूप से मंदिर पहुंचने के लिए मार्ग देने, कुम्डार से भड़कटिया तक पैदल मार्ग पूर्व की भांति खोलने आदि मुद्दों पर बातचीत हुई।