बेड़ीनाग(पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग के त्रिपुरादेवी में अतिक्रमण हटाने पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षकों के साथ अतिक्रमणकारी ने अभद्रता कर दी। राजस्व विभाग की सूचना पर पहुंची पुलिस की निगरानी में अतिक्रमण हटाया गया।
मंगलवार सुबह बेड़ीनाग के एसडीएम सोहन सिंह गंगोलीहाट को जा रहे थे। उन्होंने त्रिपुरादेवी के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से निर्माण कार्य होता देखा। इस पर उन्होंने तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार के निर्देश पर उपनिरीक्षक आशा राज और कविता प्रिया एक होम गार्ड कैलाश कुमार के साथ मौके पर पहुंची। जब उन्होंने अतिक्रमण हटाने की बात कही तो अतिक्रमणकारी होशियार सिंह ने उनके साथ अभद्रता कर दी। इसकी सूचना राजस्व उपनिरीक्षक ने तहसीलदार को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार रघुवीर सिंह और एसआई धीरज टम्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस की निगरानी में अतिक्रमण ध्वस्त किया गया। आरोपी के माफी मांगने पर उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।