पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में 17 से 19 मई तक हिंदी फिल्म ‘शुभघड़ी’ की शूटिंग होगी। फिल्म में प्रसिद्ध सिने अभिनेता हेमंत पांडे, तेलगू फिल्मों के अभिनेता ऐश्वर्य चतुर्वेदी, संजय सिलोड़ी, दो बार की मिस उत्तराखंड रोशनी बिष्ट, सपना चावला, नेहा अभिनय कर रहे हैं।
फिल्म के निर्देशक ललित एम भट्ट ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने अनुमति दे दी है। वेदिका फिल्मस के बैनर तले बन रही फिल्म का प्रमोशन 7 मई को जागेश्वर धाम में होगा। 8 से 16 मई तक फिल्म की शूटिंग दन्यां (अल्मोड़ा) में होगी। 17 से 19 मई तक पिथौरागढ़ के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग होगी। फिल्म के लेखक, निर्देशक ललित एम भट्ट ने बताया कि फिल्म की कहानी एक शहीद सैनिक के इर्द-गिर्द घूमती है। शहादत के बाद उसकी पत्नी को करोड़ों रुपये मिलते हैं। इस धन पर शहीद के भाई की नजर रहती है।
वह इस धन को अपने हिसाब से खर्च करना चाहता है। शहीद की बेवा से एक शिक्षक विवाह करना चाहता है, उसका शिक्षक के साथ विवाह हो जाता है। बाद में शहीद के जेठ और शहीद की बेवा शहादत के बदले मिली रकम से स्कूल बनवाते हैं। फिल्म में संगीत साक्षी गैरोला ने दिया है। फिल्म निर्माण में पिथौरागढ़ शहर के समाजसेवी सहयोग कर रहे हैं। फिल्म के संबंध में बृहस्पतिवार शाम सिने कलाकार हेमंत पांडे ने प्रेस वार्ता कर विस्तार से जानकारी दी।