डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट के लोहाथल निवासी, लखनऊ मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर एवं दंत चिकित्सक डॉ. प्रवीन सिंह सामंत को गुजरात के गांधीनगर में हुई नेशनल कांफ्रेंस में विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। डॉ. प्रवीन सिंह सामंत के सम्मानित होने पर उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर है।
24 नवंबर को गुजरात के गांधीनगर में हुई नेशनल कांफ्रेंस में डॉ. सामंत को अपने सहयोगियों के साथ सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं हास्पिटल में पांच घंटे में 100 से ज्यादा सिंगल विजिट रूट कैनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी) का रिकार्ड बनाने के लिए सम्मानित किया गया है। बताया कि इतने कम समय में 100 से ज्यादा आरसीटी करने का रिकार्ड किसी भी सरकारी, गैर सरकारी अस्पतालों, कॉलेजों में उल्लेख नहीं है।
डॉ. सामंत ने बताया कि लोग आरसीटी को पीड़ादायक और लंबे समय तक चलने वाला इलाज मानते हैं, लेकिन कुशल दंत चिकित्सक द्वारा इसका इलाज दर्द रहित और कम समय सीमा में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रयास से मरीजों और दंत चिकित्सकों का सिंगल विजिट आरसीटी के प्रति विश्वास पैदा होगा। मरीजों के लिए यह लाभदायक रहेगा। डॉ. सामंत के सम्मानित होने पर डीडीहाट यूथ सोसाइटी, व्यापार संघ डीडीहाट, डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन समेत तमाम संगठनों ने खुशी व्यक्त की है।