पिथौरागढ़। पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में पड़ने वाले सल्ला गांव निवासी 75 वर्षीय पूर्व सैनिक सोबी चंद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि चाहे बांध का निर्माण किया जाए, लेकिन उससे पहले एक बार उनकी ओर से पंचेश्वर का दौरा जरूर किया जाए। सोबी चंद इससे पहले भी पंचेश्वर महादेव मंदिर का इतिहास भी प्रधानमंत्री को भेज चुके हैं।
पूर्व सैनिक सोबी चंद का कहना है कि महाकाली के किनारे रहने वालों का जीवन बेहद कष्टप्रद है। सरकार ने आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक खाते खुलवाकर लोगों की जेबें तो खाली करवा दी लेकिन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन, चीनी देना बंद कर दिया। मिट्टी का तेल लंबे अर्से से मिलना बंद हो गया है। कहा कि बांध का निर्माण करने से पहले क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का अध्ययन किया जाए। उन्होंने पत्र में कहा है कि बांध के निर्माण की सूचना से माफिया, भ्रष्ट नेता, अधिकारी खुश हैं ताकि वह इस बहाने अंधी कमाई कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि यदि वह खुद इस इलाके का दौरा करें तो उनको सही स्थिति का पता लग जाएगा और उनके दिमाग में आ जाएगा कि अब बांध बनाना चाहिए या नहीं।