डीडीहाट (पिथौरागढ़)। ओगला और अस्कोट के बीच जड़िया नामक स्थान पर शुक्रवार सुबह करीब 10.45 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से सात साल की बालिका की मौत हो गई। वाहन चालक बालिका को टक्कर मारने के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकप वाहन ने यह टक्कर मारी थी। अस्कोट थाना पुलिस वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।
बताया गया कि नेपाल के कुछ मजदूर परिवार सहित सीमा सड़क संगठन की सड़क पर काम करने के लिए जड़िया के पास सड़क किनारे टेंट लगाकर रुके हैं। नेपाल निवासी गोपाल राणा की सात वर्षीय बेटी रितु शुक्रवार सुबह सड़क के किनारे खेल रही थी, तभी अस्कोट की तरफ से तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में बालिका बेहोश हो गई और परिजन उसे डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. बलवंत मेहरा ने बताया कि बालिका के सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी टक्कर लगने के कुछ देर बाद ही मौत हो गई थी। अस्कोट के थाना प्रभारी मोहम्मद आसिफ ने बताया कि फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। उसे जल्दी पकड़ लिया जाएगा।