पिथौरागढ़। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विभिन्न लोगों द्वारा दी गई छात्रवृत्ति का मेधावी और निर्धन विद्यार्थियों में वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि हिमालयन अध्ययन केंद्र के निदेशक डा. दिनेश जोशी, विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी ने कवींद्र सिंह पल्याल की माता कलावती पल्याल की स्मृति में 10 विद्यार्थियों को, चंद्रकला बीएस गोबाड़ी छात्रवृत्ति 5 विद्यार्थियों को और स्वर्गीय गोपाल दत्त पाठक की स्मृति में 2 विद्यार्थियों को एक-एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उमेश सिंह धामी, दीपक सिंह बिष्ट, ललित बिष्ट, हिमांशु कांडपाल, मनीष जोशी, हितेश जोशी, सुमित बोहरा, गौरव सिंह, विकास यादव, जीवन पटियाल, विक्रम मेहता, ललित पंत, मनीष सिंह, जतिन भट्ट, कुणाल बोहरा, विमल नाथ, अंकित पांडे शामिल हैं।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने अगले वर्ष से स्वयं भी विद्यालय के मेधावी और निर्धन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की बात कही। विद्यालय के संस्थापक प्रधानाचार्य/प्रबंध समिति के अध्यक्ष धर्म सिंह रावत ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति को प्रेरणादायी पुरस्कार के रूप में ग्रहण करने की अपील की। प्रधानाचार्य डा. चंदन सिंह तड़ागी ने सभी का आभार जताया। प्रोफेसर जीत सिंह ज्याला, कवींद्र पल्याल मौजूद थे। संचालन पान सिंह खोलिया, अशोक जोशी ने किया।