डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए सातवें दल के सदस्यों ने कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा पूरी कर ली है। यह दल तिब्बत के कुंगू नामक स्थान पर है। वहीं यात्रा पर जा रहे 9वें दल के सदस्यों का बृहस्पतिवार को गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण हो गया है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार यात्रियों का छठा दल यात्रा पूरी कर आधार शिविर धारचूला पहुंच गया है। सातवें दल के 48 सदस्यों ने कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा पूरी कर ली है। यह दल दो दिन के बाद भारत में प्रवेश करेगा। आठवां दल कैलाश पर्वत की परिक्रमा में दार्चिन नामक स्थान पर है। 9वें दल के 57 सदस्यों का बृहस्पतिवार को गुंजी में मेडिकल हुआ।
मेडिकल में सभी यात्री स्वस्थ पाए गए। यात्रियों ने मानसरोवर वन में पौधे रोपकर यात्रा के सुरक्षित संपन्न होने की प्रार्थना की। यात्रियों का दसवां दल सलिर्खा पहुंच गया है। सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम काफी सुहावना बना है।