टनकपुर (चंपावत)। दिवाली पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच बसों की कमी से जूझे यात्रियों को जल्द राहत मिलने वाली है। पखवाड़े भर में टनकपुर मंडल को पहाड़ रूट के लिए 20 नई छोटी बसें मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इनमें टनकपुर डिपो को 10 तथा लोहाघाट और पिथौरागढ़ डिपो को पांच-पांच बसें मिलेंगी।
विज्ञापन
एआरएम सुरेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से दिवाली पर घोषित नई बसों के तहत आवंटित वाहनों का देहरादून में पंजीकरण शुरू हो गया है और पखवाड़े भर में बसें मंडल मुख्यालय पहुंच जाएंगी।
टनकपुर डिपो को मिलने वाली 40 सीटर 10 नई बसों से पुरानी बसों को बदलने और बंद रूट शुरू करने की योजना है। धारचूला, बेड़ीनाग, मुक्तेश्वर और झूलाघाट रूट पर दो-दो बसें चलाने, नैनीताल रूट पर एक बस लगाने और एक बस रिजर्व रखने की तैयारी है जिससे पहाड़ी यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।